ब्रेकिंग
हजारीबाग में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 17 बाइक और एक टोटो बरामद; 7 आरोपी गिरफ्तार आदिवासी नर्स के मामले में 10 दिन बाद FIR, अभिषेक कुमार की पहल के बाद हुई कार्रवाई वार्ड 08-09 में करोड़ों की विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया शिलान्यास विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल लाई रंग, जर्जर ग्रामीण सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू 24 घंटे बाद NDRF ने खोज निकाला टिंकू का शव, शिवानी नदी में बहने से हुई थी मौत हजारीबाग सदर अस्पताल में ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी, आधे घंटे तक जाम में फंसी एंबुलेंस हजारीबाग में छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; सोने के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद बच्चों से भरी स्कूल बस सड़क से उतरी, बाउंड्री से टकराकर पलटने से बची
झारखंड ⚡ BREAKING

चलती कार बनी आग का गोला, टोल प्लाजा के पास मचा हड़कंप; चार लोगों ने कूदकर बचाई जान

Ravindr kumar rana 24 Jun 2026, 09:13 AM 23 views
चलती कार बनी आग का गोला, टोल प्लाजा के पास मचा हड़कंप; चार लोगों ने कूदकर बचाई जान
पीछे से निकल रहा था धुआं, टोल पहुंचते ही भड़की आग; टोलकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
हजारीबाग-रांची मुख्य मार्ग स्थित टोल प्लाजा के समीप बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हजारीबाग से रांची की ओर जा रही एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। हालांकि समय रहते कार में सवार चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार संख्या JH02BV9129 के पीछे चल रहे कुछ वाहन चालकों ने काफी देर से कार के पिछले हिस्से से धुआं निकलते देखा था। हालांकि कार में सवार लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। जैसे ही वाहन टोल प्लाजा के समीप पहुंचा, अचानक उसमें आग भड़क उठी और लपटें तेजी से पूरे वाहन में फैल गईं। आग लगते ही कार में सवार चारों लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मियों ने भी तत्परता दिखाते हुए जलती हुई कार को मुख्य मार्ग और टोल परिसर से दूर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास किया, ताकि अन्य वाहनों और यात्रियों को किसी प्रकार का नुकसान न हो। घटना के बाद टोल प्लाजा क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर टोल की एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और वाहनों का परिचालन दूसरी लेन से कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टोल प्लाजा पर तत्काल अग्निशमन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध होती, तो शुरुआती चरण में ही आग पर काबू पाया जा सकता था और वाहन को पूरी तरह जलने से बचाया जा सकता था। घटना ने एक बार फिर हाईवे और टोल प्लाजा जैसे संवेदनशील स्थानों पर आपातकालीन सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।