झारखंड
⚡ BREAKING
कटकमसांडी पुलिस की मानवीय पहल: भटकती युवती को सुरक्षित संरक्षण में लेकर परिजनों से मिलाया
रात में अकेली भटक रही थी युवती, पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता; नवादा से जुड़े परिजनों तक पहुंचाकर सकुशल किया सुपुर्द
कटकमसांडी/हजारीबाग। कटकमसांडी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक भटकती हुई युवती को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। पुलिस की इस पहल से युवती अपने परिवार से सकुशल मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम करीब 8 बजे कटकमसांडी थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम बारीकोला झोंझी के आसपास एक युवती अकेली और भटकती हुई अवस्था में घूम रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने बिना देर किए एक महिला चौकीदार के साथ पुलिस बल को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसे कटकमसांडी थाना लेकर आई। यहां पुलिस ने उससे सहानुभूतिपूर्वक बातचीत कर उसकी पहचान और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
पूछताछ के दौरान युवती ने अपना नाम छोटी कुमारी और घर कौआकोल, जिला नवादा, बिहार बताया। पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर तत्काल कौआकोल थाना से संपर्क स्थापित किया और युवती के संबंध में सत्यापन एवं उसके परिजनों से संपर्क कराने का अनुरोध किया।
इसके बाद कौआकोल थाना के माध्यम से युवती के परिजनों से संपर्क स्थापित हुआ। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती इलाज के लिए सीआईपी, कांके गई थी। इलाज के बाद घर लौटने के दौरान हजारीबाग रेलवे स्टेशन के आसपास वह ट्रेन से उतर गई, जिसके बाद रास्ता भटक गई।
मामले की जानकारी मिलते ही परिजन कटकमसांडी पुलिस के संपर्क में पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को युवती की सुरक्षा और देखभाल को लेकर आवश्यक समझाइश भी दी।
कटकमसांडी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मुसीबत में फंसे लोगों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाना भी पुलिस की मानवीय जिम्मेदारी है।
युवती के परिजनों ने कटकमसांडी थाना पुलिस और हजारीबाग पुलिस के प्रति आभार जताया।